भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को चिह्नित करने और लोगों को आतंकवाद के खिलाफ प्रेरित करने के लिए भाजपा ने देश के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा यात्रा निकाली।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और जे पी नड्डा सहित शीर्ष भाजपा नेताओं द्वारा रविवार को इस मुद्दे पर विचार-विमर्श के बाद 11 दिवसीय राष्ट्रव्यापी तिरंगा यात्रा शुरू की गई। नड्डा ने इस कवायद को अंतिम रूप देने के लिए तरुण चुग, विनोद तावड़े और दुष्यंत गौतम समेत भाजपा महासचिवों के साथ बैठक की।


भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि तिरंगा महज एक झंडा नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा को दर्शाता है। उन्होंने कहा, भारत बदल गया है। नया भारत शांति चाहता है, लेकिन आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए किसी भी हद तक जाएगा।


सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए सशस्त्र बलों की सराहना करने के लिए कर्तव्य पथ पर मंगलवार को रैली निकाली। ‘शौर्य सम्मान यात्रा’ नाम से आयोजित इस रैली में लोगों ने पाकिस्तान के ‘पूर्ण संहार’ का आह्वान किया और देशभक्ति के गीत बजाए।


दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा रैली में स्कूली बच्चे, राष्ट्रीय कैडिट कोर (एनसीसी) के कैडेट और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक भी शामिल हुए।


भाजपा की दिल्ली इकाई ने तिरंगा यात्रा की तस्वीर पोस्ट करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘सेना के सम्मान में, देश का हर नागरिक मैदान में।” हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में ‘तिरंगा यात्रा’ का नेतृत्व किया, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित हजारों लोगों ने भाग लिया।
Be First to Comment