बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब कांड को लेकर राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने कहा कि समय पर शराब की बरामदगी नहीं होती तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती थी।

उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर शराब की बड़ी खेप बरामद की है और सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मोतिहारी में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने वालों में से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है जबकि बीमार हुए कई अन्य लोगों का अब भी इलाज जारी है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने राज्यभर में छापेमारी तेज कर दी है और विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में शराब जब्त की गई है।



डीजीपी ने पटना में कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और जांच जारी है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 1500 लीटर मेथेनॉल बरामद किया गया है।



उनके अनुसार यदि इस जहरीले पदार्थ का भी उपयोग कर लिया गया होता स्थिति और भयावह हो सकती थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, कई लोगों की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।
















Be First to Comment