पटना मेट्रो का परिचालन इस महीने के अंत तक मलाही पकड़ी तक चालू हो जायेगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना मेट्रो के कार्य प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को बताया कि सारा कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में विजय सिन्हा को बताया कि ट्रायल रन पूरा हो चुका है और सीएमआरएस की तरफ से हरी झंडी मिलते ही पटना मेट्रो का मलाही पकड़ी तक परिचालन शुरू हो जाएगा। इस विस्तार के साथ शहर के लोगों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक सफर मिलेगा। अब भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो से यात्रा करना जल्द ही संभव होगा।



पटना मेट्रो का परिचालन फिलहाल आईएसबीटी से भूतनाथ तक हो रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को अधिकारियों ने बताया कि सिविल वर्क ससमय पूरा हो रहा है और जमीन हस्तांतरण से जुड़े मुद्दे भी लगभग पूर्ण हो चुके हैं। विजय सिन्हा ने टनलिंग, इलेक्ट्रीक वर्क आदि से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली।



समीक्षा बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार , सचिव -सह- पटना मेट्रो के एमडी संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा सहित पटना मेट्रो एवं डीएमआरसी के वरीय अधिकारी मौजूद थे।

















Be First to Comment