समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रूपक सहनी (उम्र करीब 23–24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भारतीय जनता पार्टी से जुड़े थे और पंचायत अध्यक्ष के पद पर थे।

जानकारी के अनुसार, रूपक सहनी खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर घाट स्थित अपनी कंप्यूटर दुकान में बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार अपराधी वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।


गोली लगने से रूपक गंभीर रूप से घायल होकर दुकान में ही गिर पड़े। बताया जा रहा है कि उन्हें पांच से छह गोलियां लगी थीं। अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया।फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दहशत में आ गए।


ग्रामीणों की मदद से घायल रूपक को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है।


पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी सूचित किया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।






















Be First to Comment