जमुई: जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरियाना गांव में बुधवार को उस वक्त मातम छा गया, जब वज्रपात से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई.

मृतक की पहचान अरविंद साह के पुत्र रोहित साह के रूप में हुई है. युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


जानकारी के अनुसार, रोहित साह फेरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. बीते मंगलवार की शाम वह अपनी बाइक से फेरी कर घर लौट रहा था. इसी दौरान हरदीमोह गांव के समीप अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ. रोहित इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया.



स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया था. बुधवार की सुबह रोहित की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर जांच के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा. बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों (एक लड़का और एक लड़की) को छोड़ गया है, जिसके कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.























Be First to Comment