मुजफ्फरपुर जिले में हत्था थाना क्षेत्र के हत्था गांव में शनिवार की सुबह मक्के के खेत से एक महिला का शव बरामद किया गया. इसके बाद लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. महिला के पुत्र ने करेंट लगने से मां की मौत होने का आरोप लगाया है.

घटना के बाद से एक खेत मालिक फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. लोगों ने बताया कि महिला का शव जिस खेत से बरामद किया गया है, वह हत्था गांव के ही मो कैश और मो अजहर का है.



मक्के की फसल को बचाने के लिए किसान ने खेत के चारों ओर खुला तार लगाकर करेंट प्रवाहित कर दिया था. महिला के शौच जाने के दौरान खुले तार की चपेट में आने से मौत हो गयी. हत्था थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की. शव की पहचान गांव के ही बुझावन साह की 65 वर्षीया पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में की गयी.



मृतका के पुत्र राजा साह ने बताया कि उसकी मां सुबह शौच के लिए गयी थी. काफी समय बाद भी जब वह नहीं लौटी तो खोज शुरू की. इस दौरान जानकारी मिली कि मक्के के खेत में मिला शव उसकी मां का है.




मो. अजहर के मक्के के खेत में लगाये गये बिजली के खुले तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी. हालांकि घटना के बाद आरोपी खेत मालिक ने खेत से बांस-बल्ले व बिजली के तार को हटा लिया, जिसे कुछ दूर झाड़ी से बरामद किया गया.
















Be First to Comment