समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा गांव में शनिवार की शाम को बड़ा बवाल हो गया जब पूर्व मंत्री और राजद नेता रामाश्रय सहनी के बेटे मुकेश सहनी और उसके चालक रघुवीर महतो पर नाबालिग लड़की को भगाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा.

जैसे ही यह खबर और संबंधित ऑडियो वायरल हुआ, भीड़ ने वार्ड 38 स्थित सहनी के घर पर धावा बोल दिया. मुकेश और रघुवीर को भीड़ ने बुरी तरह पीटा, लेकिन पूर्व मंत्री ने दोनों को कमरे में बंद कर किसी तरह उनकी जान बचाई.



परिजनों के अनुसार, पीड़िता रात दो बजे से गायब थी और उसी दौरान एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई जिसमें कथित तौर पर नाबालिग ने मुकेश सहनी, रघुवीर महतो और एक अन्य युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया. उसने कहा कि लोक-लाज और डर की वजह से वह घर छोड़ रही है.



पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी ने इस घटना को राजनीतिक साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि उनके बेटे को फंसाया जा रहा है. अगर बेटा दोषी पाया जाता है तो वे उसकी पैरवी नहीं करेंगे. उग्र भीड़ को शांत करने के लिए एएसपी सह एसडीपीओ संजय पांडेय खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया.




पुलिस ने मुकेश के चालक रघुवीर महतो को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि नाबालिग खुद थाने पहुंची थी और अब उसके बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
















Be First to Comment