बिहार के पूर्णिया से एक ऐसी रूहानी कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी युवक ने अपनी हवस मिटाने के लिए क्रूरता की सारी सीमाएं लांघ दीं। आरोपी ने युवती की आवाज दबाने के लिए उसके मुंह में फेविकॉल (गोंद) तक डाल दिया, लेकिन पीड़िता के अदम्य साहस ने उसके नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया।

यह खौफनाक घटना पूर्णिया के एक गांव की है, जहां 20 फरवरी की रात 21 साल की एक युवती अपने घर में सो रही थी। उसी दौरान गांव का ही 20 वर्षीय कैलाश राय दबे पांव उसके घर में घुस आया। उसने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब युवती ने शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने न केवल उसका गला दबाया बल्कि एक भयावह साजिश के तहत उसके मुंह में फेविकॉल उड़ेल दिया ताकि वह चाहकर भी चीख न सके।



ऐसी जानलेवा स्थिति में भी युवती ने हिम्मत नहीं हारी। उसने पूरी ताकत लगाकर आरोपी को धक्का दिया और कमरे से बाहर निकलकर उसे अंदर ही कुंडी लगाकर कैद कर दिया। इसके बाद वह मदद के लिए बाहर भागी। युवती की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और कमरे में बंद आरोपी को दबोच लिया। गुस्से में आए लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।



मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी कैलाश राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट की पुष्टि हुई है। पुलिस अब इस मामले को मजबूती से कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिल सके। पीड़िता का कहना है कि वह इस लड़ाई को अंजाम तक ले जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।
















Be First to Comment