बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार गुरुवार (6 अगस्त) को भी राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार भागलपुर, मुंगेर, शिवहर, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, खगड़िया, बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार में अगले तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है, हालांकि उमस पूरी तरह खत्म नहीं होगी।

हाल के दिनों में भागलपुर जिले में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। बारिश से किसानों को राहत मिली है और धान समेत खरीफ फसलों को फायदा पहुंचने की उम्मीद है। दूसरी ओर, लगातार बारिश वाले इलाकों में जलजमाव की समस्या भी सामने आ सकती है।










Be First to Comment