बिहार राज्य के दरभंगा जिले में सदर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की दो घटनाओं का उद्भेदन करते हुए अंतर जिला वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से दो चोरी के ट्रैक्टर, एक कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपितों की संलिप्तता दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और बेगूसराय जिलों में दर्ज चोरी की घटनाओं से जुड़ी पायी गयी है.

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मधुबनी जिला के बेनीपट्टी थाना स्थित शाहपुर गांव निवासी ननटुन खतवे के पुत्र जीतू खतवे, सीतामढ़ी के नानपुर थाना के बालासाथ निवासी नैय्यर इमाम उर्फ नेताजी एवं बेगूसराय के सिंधौल थाना स्थित कुशौलनगर गांव निवासी गीता महतो के पुत्र रामप्रवेश महतों के रूप में हुई है. इनके पास से एक आइसर ट्रैक्टर डाला सहित, एक महिंद्रा ट्रैक्टर , एक आल्टो कार के अलावा ओपो सैमसंग, मोटोरोला के एक-एक एवं रियलमी कंपनी के एक सहित चार मोबाइल बरामद हुए हैं.



बताया जा रहा है कि सदर थाना क्षेत्र के गौसाघाट स्थित जय माता दी दुकान से 14-15 जुलाई की मध्य रात्रि को एक आइसर ट्रैक्टर की चोरी कर ली गई थी. इस मामले में 15 जुलाई को सदर थाना में 238/25 प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके बाद थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.



पूछताछ में उनकी संलिप्तता कमतौल थाना क्षेत्र में 27 जून को हुई ट्रैक्टर चोरी में भी उजागर हुई. इस मामले में कमतौल थाना कांड संख्या 131/25 दर्ज है. आरोपितों की निशानदेही पर वहां से भी एक महिन्द्रा ट्रैक्टर बरामद किया गया. बरामद आल्टो कार और मोबाइल फोन का प्रयोग चोरी की घटनाओं में किया जाता था. पुलिस गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. इसमें शामिल अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है. एसएसपी ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया है.
































Be First to Comment