छपरा : महिला से छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिलने के बाद एसपी सारण संतोष कुमार ने संज्ञान लेते हुए थानेदारों को वीडियो सौंप उनसे जगह और घटना का विवरण देने का निर्देश दिया।

इसके बाद घटनास्थल दरियापुर के लक्ष्मनचक चंवर के रूप में चिन्हित हुआ। अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो घटना में शामिल छह आरोपियों की पहचान हो गयी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इनमें से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पकड़ से दूर दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।

एसपी सारण संतोष कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी कई सूत्रों से मिलने के बाद स्वत: संज्ञान लेते हुए वीडियो को लेकर छानबीन की गई। इसमें सफलता मिली और दरियापुर के लक्ष्मनचक चंवर के रूप में घटनास्थल की पहचान हुई।

घटनास्थल की पहचान के बाद स्थानीय ग्रामीणों को वीडियो दिखाकर वीडियो में दिख रहे लोगो की पहचान की गई और छह लोगों में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पकड़े गए चार आरोपियों में दरियापुर थाना के अक़ीलपुर निवासी शम्भू राय का पुत्र राकेश कुमार, सामनचक निवासी जितेंद्र राय का पुत्र अरविंद कुमार, सामनचक निवासी रूदल राय का पुत्र नीतीश कुमार और अक़ीलपुर निवासी गोपाल राय का पुत्र आमोद कुमार शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि मामले में अक़ीलपुर निवासी विद्या राय का पुत्र धर्मेंद्र कुमार और किशोर राय का पुत्र गुड्डू राय फरार हैं। दोनों की तलाश जारी है। हालांकि, पीड़ित महिला ने सारण जिले के किसी भी थाने में प्राथमिकी दर्ज नही करायी है। इस कारण उसकी पहचान नहीं की जा सकी है। इस मामले में दरियापुर थानाध्यक्ष के खुद प्राथमिकी दर्ज की है।





































Be First to Comment