सारण: छपरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में इन दिनों भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है. अस्पताल के मुख्य गेट पर वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

इलाज के लिए आने वाले लोग अपनी मोटरसाइकिल और अन्य वाहन इमरजेंसी गेट के आसपास ही खड़ा कर चले जाते हैं, जिससे वहां लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है.


स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि निजी वाहनों के साथ-साथ एम्बुलेंस के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है. कई बार गंभीर हालत में मरीज को लेकर पहुंची एम्बुलेंस को भी इमरजेंसी गेट तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है.



वहीं पोस्टमार्टम के लिए आने वाले लोग भी सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है. अत्यधिक गर्मी और तेज धूप के कारण मरीजों के परिजन इमरजेंसी विभाग के सामने स्थित खाली मैदान में वाहन खड़ा करने से बचते हैं.


अस्पताल प्रशासन द्वारा समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं किए जाने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इमरजेंसी गेट को हर हाल में खाली रखा जाना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीज को तुरंत इलाज मिल सके


















Be First to Comment