गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के फेसर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक किनारे 32 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृत महिला की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव निवासी सुनील राम की पत्नी अंजू कुमारी के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार सुबह में आसपास के ग्रामीण रेलवे ट्रैक की ओर टहलने निकले थे. इसी दौरान ट्रैक किनारे एक महिला का शव पड़ा देखा गया. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.


घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. बाद में तकनीकी स्रोतों की मदद से महिला की पहचान अंजू कुमारी के रूप में की गई.



सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि अंजू की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया गया.


बताया जा रहा है कि मृतका के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं. मायके पक्ष का कहना है कि घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हत्या नहीं हुई तो मौत के बाद सभी लोग घर छोड़कर क्यों फरार हो गए.



















Be First to Comment