बिहार सरकार ने राज्य में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के नए परिसर निर्माण और विकास कार्यों के लिए सरकार ने 40 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है.

यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बख्तियारपुर स्थित चिन्हित भूमि पर भवन निर्माण और आधारभूत संरचना विकसित करने में खर्च की जाएगी.उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद विश्वविद्यालय के स्थायी और आधुनिक कैंपस निर्माण कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.


विभागीय आदेश के अनुसार स्वीकृत राशि में 30 करोड़ रुपये विश्वविद्यालय विकास मद से दिए जाएंगे. वहीं 10 करोड़ रुपये अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना मद से दिए जाएंगे.



सरकार का उद्देश्य पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से लैस एक मजबूत कैंपस उपलब्ध कराना है. बख्तियारपुर में बनने वाले पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के नए परिसर की कुल परियोजना लागत 219.21 करोड़ रुपये तय की गई है.


इससे पहले सरकार वर्ष 2023-24 में 2.48 करोड़ रुपये, जुलाई 2024 में 25 करोड़ रुपये और मई 2025 में 25 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है. अब 40 करोड़ रुपये की नई राशि मिलने के बाद निर्माण कार्यों में तेजी आने की संभावना है.























Be First to Comment