संझौली थाना क्षेत्र के खैरा भुतहा गांव में मछली मारने के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. हत्या के बाद गेहूं के खेत में छिपे आरोपित को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के आहर में मछली मारने को लेकर स्व. बजरंगी पासवान के पुत्र बच्चा राम उर्फ मुंडा राम (32) और मोहन लाल के पुत्र रबिश लाल के बीच विवाद हुआ.

इसी दौरान रबिश लाल ने बच्चा राम को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.घटना के बाद आरोपित गेहूं के खेत में छिप गया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया और उसके पास से हथियार बरामद किया.



थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि मछली मारने के विवाद में गोली चली है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेजा गया है. एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है.



ग्रामीणों के अनुसार मृतक के परिवार में पत्नी अनु कुमारी, तीन बेटियां व दो बेटे हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों आपस में गहरे मित्र थे, जिससे यह घटना लोगों को स्तब्ध कर रही है.

















Be First to Comment