बिहार में पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के समेली प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह को ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर शराब के नशे में पाया गया और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए डॉ. विनय कुमार सिंह को दायित्व से मुक्त कर दिया. हालांकि, डॉक्टर के शराब के नशे में होने की पुष्टि केवल जांच के बाद ही संभव होगी.

बताया जाता है कि अस्पताल में इलाज कराने आए ग्रामीणों ने डॉक्टर की संदिग्ध हालत देखी. उनकी लड़खड़ाती जुबान और असामान्य व्यवहार से लोगों को शक हुआ. ग्रामीणों का आरोप है कि डॉक्टर न केवल नशे में थे, बल्कि जन्म प्रमाण-पत्र बनाने के नाम पर 20 हजार रुपये तक की मांग कर रहे थे.



यह विवाद अस्पताल परिसर में हंगामे में बदल गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. कुछ ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.



वीडियो में डॉक्टर को लड़खड़ाते हुए देखा जा सकता है. स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तुरंत पोठिया पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और डॉ. विनय कुमार सिंह को हिरासत में लेकर थाना ले गई.




















Be First to Comment