बिहार के वैशाली जिले में टी-20 फाइनल मुकाबले देखने के दौरान हुआ मामूली विवाद हिंसक रूप ले बैठा। रविवार शाम टी-20 फाइनल मैच देखते समय युवकों के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें 17 वर्षीय किशोर की गंभीर रूप से पिटाई कर दी गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव की है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय कुंदन कुमार के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक मोबाइल फोन पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टी-20 फाइनल मुकाबले का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान मैच के दौरान भारत का एक विकेट गिरने पर वहां मौजूद एक किशोर ने तेज आवाज में प्रतिक्रिया दी। इस बात पर पास में खड़े एक अन्य युवक को आपत्ति हो गई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।



बताया जा रहा है कि कुछ ही मिनटों में बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान 18 वर्षीय युवक किसन कुमार ने 17 वर्षीय कुंदन कुमार को जोर से धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उसके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। सिर पर लगी चोट के कारण कुदन की हालत तुरंत बिगड़ गई।



आसपास मौजूद लोगों ने घायल किशोर को तुरंत महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हाजीपुर में भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) भेज दिया, लेकिन पटना ले जाते समय रास्ते में ही कुंदन कीमौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।












Be First to Comment