बिहार में किशनगंज जिले की पुलिस ने 246 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजा की कीमत एक करोड़ 23 लाख रुपये है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि असम से गलगलिया के रास्ते ट्रक में छिपा कर अवैध मादक पदार्थ बिहार लाया जा रहा है जो अररिया की ओर जाएगा। इस सूचना के आधार पर ठाकुरगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) 2 मंगलेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।



इसके बाद बंगाल की ओर से आने वाली सभी वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही थी। वाहन चेकिंग के क्रम में एक असम नंबर ट्रक को रोका गया। इसमें उपर से सीमेंट लदा हुआ दिखाई दिया। चालक से पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गयी।



तलाशी के दौरान सीमेंट के नीचे ट्रक में विशेष रूप से बनाये गये तहखाने में छुपाकर रखा गया 246 किलो गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजा की कीमत एक करोड़ 23 लाख रूपये है। इस दौरान चालक मोहम्मद इम्तियाज और सह चालक विजय कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

















Be First to Comment