नीतीश कुमार गुरुवार (20 नवंबर) को रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. हाल में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार जीत हासिल की. बिहार सरकार का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11:30 बजे पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शुरू होगा.

इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले वीआईपी मेहमानों के ठहरने के लिए कई पंडाल बनाए गए हैं, जबकि पूरे आयोजन स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में तीन लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है. एनडीए ने बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 202 सीटों पर जीत दर्ज की. जिसमें बीजेपी ने 89, जेडी(यू) ने 85, एलजेपी (RV) ने 19, एचएएम ने 5 और आरएलएम ने 4 सीटें जीती हैं.









Be First to Comment