राजधानी के फुलवारीशरीफ थाना अंतर्गत अलमिजान नगर में एक युवक को गोली मार दी गई. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक की पहचान मो. रेहान (18) के रूप में हुई है. घटना रविवार रात की है.

मिली जानकारी के अनुसार मो. रेहान को पेट में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पहले तो उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रेहान को बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर कर दिया.



फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष मो. गुलाम शहवाज आलम ने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक को किसने और कहां गोली मारी. उन्होंने कहा कि परिजनों ने बताया कि रात करीब 11 बजे मो. रेहान खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकला था. बाहर आने के कुछ देर बाद अचानक उसकी चीख सुनाई दी.



परिजन के मौके पर पहुंचने पर उसने पेट में तेज दर्द होने की बात कही. उसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने गोली लगने की पुष्टि की.





















Be First to Comment