Press "Enter" to skip to content

इसलिए रात में झटपट कर दी गई दूल्हे-दुल्हन की शादी

भागलपुर के सालपुर पंचायत स्थित काशील गांव में एक शादी समारोह में डीजे पर डांस कर रहे 5 बच्चों को दूल्हे राजा की गाड़ी ने कुचल दिया। इसके बाद पूरे माहौल में सन्नाटा छा गया।

गुड्डू सिंह के यहां लड़की की शादी थी। छोटी जमीन गांव से दूल्हे राजा की बारात आई थी। बताया जा रहा है कि बारात दरवाजे के पास लग चुकी थी। खुशी के माहौल में डीजे के पास गांव के बच्चे डांस कर रहे थे।

पीछे में दूल्हे राजा की गाड़ी खड़ी थी। इसी बीच दूल्हे राजा की कार के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और डांस कर रहे बच्चे पर गाड़ी चढ़ गई। इसके बाद वहां चीख पुकार मच गई।

हीरालाल यादव के पुत्र गोलू कुमार के सिर के ऊपर कार का पहिया चढ़ गया। नारायण सिंह के पुत्र आनंद कुमार हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं हैं।

ग्रामीण और स्वजन की सहायता से आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों का इलाज जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज अस्पताल में कराया जा रहा है। चार बच्चों को भी चोट पहुंची है।

कार चालक का पता नहीं चल पाया। दुर्घटना के बाद आक्रोश में ग्रामीणों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले की नजाकत को देखकर दूल्हे-दुल्हन की झटपट शादी कर दी गई।

रात्रि में ही दुल्हन को लेकर दूल्हा चले गए। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि कार को थाना लाया गया है। हालांकि किसी का आवेदन नहीं मिला है।

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *