समस्तीपुर: जिले की सिंघिया थाना पुलिस को वाहन चोरों के एक बड़े अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने सिंघिया के अगरौल गांव से चोरी हुई ट्रैक्टर को पश्चिम चंपारण के बेतिया से बरामद कर लिया है. इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 8 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो वैशाली और बेतिया के रहने वाले हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें सिंघिया थाना और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) समस्तीपुर के पदाधिकारी शामिल थे.


पुलिस ने तकनीकी और परंपरागत अनुसंधान के जरिए गिरोह के 9 में से 8 अपराधियों को धर दबोचा. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की जाने वाली एक अर्टिगा कार को भी जब्त किया है, जिससे अपराधी वारदातों को अंजाम देते थे.



पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने न सिर्फ अगरौल से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद किया, बल्कि उजियारपुर थाना क्षेत्र से चोरी एक अन्य ट्रैक्टर और कल्याणपुर थाना क्षेत्र से चोरी गई एक पिकअप वैन भी बरामद की है. पूछताछ में अपराधियों ने रोसड़ा और बड़हड़ा थाना क्षेत्रों में भी ट्रैक्टर और पिकअप चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.


गिरफ्तार बदमाशों में वैशाली जिले के यदुनाथ कुमार, राज किशोर सिंह, चन्द्र माधव सिंह, पप्पू सिंह, बिनोद कुमार, नागमणि सिंह, प्रभात कुमार और बेतिया का अकबर अली शामिल है. फरार एक अन्य अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.





















Be First to Comment