समस्तीपुर में किन्नर समाज ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है. शहर के गंडक कॉलोनी स्थित श्मशान काली घाट में स्थानीय किन्नर समाज की मुखिया सपना किन्नर ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पक्का चबूतरा बनवाया है. यह निर्माण कार्य गुरु पिता मुन्ना किन्नर की स्मृति में कराया गया है.

बताया गया कि श्मशान काली घाट स्थित पुराने बरगद के पेड़ के नीचे पहले चबूतरा नहीं था. ऐसे में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं को काफी परेशानी होती थी. आगामी वट सावित्री पूजा को देखते हुए सपना किन्नर ने अपने निजी कोष से चबूतरे का निर्माण कराया, ताकि महिलाओं को पूजा और अनुष्ठान करने में सुविधा मिल सके.


सपना किन्नर ने बताया कि इस निर्माण कार्य में करीब एक लाख रुपये की लागत आई है. उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.



सपना किन्नर ने कहा कि किन्नर society हमेशा सामाजिक कार्यों में आगे रहता है. चाहे त्योहार हो या जरूरतमंदों की मदद, समाज अपनी क्षमता के अनुसार लोगों की सेवा करता है.


चबूतरा निर्माण के मौके पर लाली किन्नर, सुमन, सीमा, करीना, प्रिया, पिंकी और मुस्कान समेत समाज के कई सदस्य मौजूद रहे.
















Be First to Comment