सदर थाना क्षेत्र के अतरदह पोखरिया पीर मोहल्ले में दिनदहाड़े जिला मत्स्य पदाधिकारी सुनील कुमार वर्मा की पत्नी अर्पिता कुमारी के घर में घुसकर तीन बाइक सवार अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर मंगलसूत्र लूट लिया.

विरोध करने पर अपराधियों ने अर्पिता कुमारी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनका पैर टूट गया. यह घटना दोपहर 3:45 बजे के करीब हुई, जब जिला मत्स्य पदाधिकारी अपने कार्यालय में थे.



कमरे में घुसते ही एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर अर्पिता कुमारी को गोली मारने की धमकी दी. दूसरे बदमाश ने उनका मुंह दबाकर गले से सोने का मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की. अर्पिता कुमारी ने अपने हाथ से मंगलसूत्र को कसकर पकड़ लिया, तो अपराधियों ने बर्बरता दिखाते हुए पिस्टल के बट से उनके चेहरे पर वार किया. उन्होंने अर्पिता कुमारी की आंख के पास नाखून से नोंच लिया और पैर पर जूते से मारकर उसे तोड़ दिया.



इसी बीच, पड़ोस की एक महिला ने खिड़की से यह सब देख लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. पड़ोसी के शोर मचाने के बाद दोनों बदमाश आनन-फानन में कमरे से भागे. तीसरा अपराधी, जो पहले से ही बाइक स्टार्ट कर इंतजार कर रहा था, दोनों को बिठाकर फरार हो गया. बदमाशों से हुई छीना-झपटी में आधा मंगलसूत्र अर्पिता कुमारी के हाथ में ही रह गया, जबकि आधा बदमाश लेकर भाग निकले.




लूटपाट की सूचना मिलते ही जिला मत्स्य पदाधिकारी सुनील कुमार वर्मा तुरंत घर पहुंचे. उन्होंने तत्काल डायल 112 की टीम को बुलाया. जख्मी हालत में अर्पिता कुमारी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिला मत्स्य पदाधिकारी ने बताया कि उन्होंने सदर थानेदार को पूरे मामले से अवगत करा दिया है. पुलिस अब अपराधियों की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके














Be First to Comment