समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम जनकपुर ब्रह्मस्थान के समीप बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवक की पहचान जनकपुर वार्ड तीन निवासी सीताराम सिंह के पुत्र शंभू सिंह के रूप में हुई है.

वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत समस्तीपुर शहर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.


जनकपुर ब्रह्मस्थान के पास एक अपाचे बाइक पर सवार दो हथियारबंद बदमाश एक राहगीर से लूटपाट कर रहे थे. शोर सुनकर शंभू सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया. खुद को घिरता देख अपराधियों ने शंभू सिंह पर फायरिंग कर दी.



गोली शंभू के कमर के पास लगी और वह वहीं गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए. फायरिंग और चीख-पुकार सुनकर जब तक भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए, तब तक अपराधी भाग चुके थे.


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है














Be First to Comment