मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड अंतर्गत शिवदासपुर गांव में रविवार की सुबह भारी अफरा-तफरी का माहौल रहा. यहां गांव के ही एक पोखर से 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद किया गया है.

इस खबर के फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, किशोरी शनिवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से लापता हो गई थी.


जब देर रात तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने गांव और रिश्तेदारों के यहाँ काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिल सका.



रविवार सुबह जब ग्रामीण पोखर की तरफ गए, तो उन्होंने पानी में एक शव को उतराते हुए देखा. ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकलवाया.


शव की पहचान होते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने प्रारंभिक कागजी कार्यवाही के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है.













Be First to Comment