बिहार की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य को लेकर चर्चाओं के बीच जेडीयू से जुड़े बाहुबली नेता अनंत सिंह ने बड़ा बयान देकर सियासी माहौल गरमा दिया है. उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए.

यह बयान ऐसे समय आया है जब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा चल रही है कि नीतीश कुमार जल्द ही विधान परिषद से इस्तीफा देकर राज्यसभा का रुख कर सकते हैं. हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अटकलों के बीच अनंत सिंह का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है. इससे बिहार की राजनीति में संभावित बदलाव को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.



दरअसल, अनंत सिंह बाढ़ अनुमंडल के मोकामा विधानसभा क्षेत्र के कन्हाईपुर में नवमी पूजा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उनका पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों और समर्थकों की भीड़ के बीच उन्होंने लोगों से मुलाकात की और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की. इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी राय खुलकर रखी.



अनंत सिंह ने कहा कि अगर नेतृत्व परिवर्तन होता है तो निशांत कुमार एक मजबूत विकल्प हो सकते हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी को नई पीढ़ी को मौका देना चाहिए, जिससे भविष्य की राजनीति को नई दिशा मिल सके. उनके इस बयान को जेडीयू के अंदरूनी समीकरणों और संभावित नेतृत्व परिवर्तन से जोड़कर देखा जा रहा है.













Be First to Comment