बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सात निश्चय 3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच पटना में कई काम कराये जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र के बापू सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा पटना जिले के लिए 29 योजनाओं की स्वीकृति दी गई जिन पर काम चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।

इन योजनाओं में 11 पथों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, पांच बड़े नालों का पक्कीकरण, 3 नदियों पर बड़े पुल का निर्माण, चार पर्यटन स्थलों के विकास का कार्य तथा दो मंदिरों के परिसर का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। बाढ़ में उमानाथ मंदिर के पास शमशान घाट का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पटना के शहरी क्षेत्रों में बिजली के तार को भूमिगत किया जा रहा है। इसके अलावा यहां नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण सहित अन्य कई विकास के महत्वपूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं।



नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने शुरू से ही पटना के विकास के लिए भी कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होने कहा कि पटना में अच्छी सड़कें, कई फ्लाईओवर, एलिवेटेड रोड, जेपी गंगा पथ, पाटली पथ, अटल पथ, मीठापुर महुली पथ, पटना-बाढ़-मोकामा पथ का निर्माण कराया गया है।



महात्मा गांधी सेतु, जेपी सेतु सहित गंगा नदी पर कई पुल एवं एप्रोच पथ बनाए गए हैं। इससे आवागमन सुगम हो गया है। यहां राष्ट्रीय स्तर के कई संस्थान एवं मीठापुर में शैक्षणिक संस्थाएं स्थापित की गई है। यहां एयरपोर्ट का विस्तार एवं मेट्रो रेल का निर्माण कराया जा रहा है।











Be First to Comment