बिहार के दो बड़े शहरों पटना और मुजफ्फरपुर में गैस सिलेंडर को लेकर अलग-अलग हालात देखने को मिले। पटना में अफवाहों के कारण लोगों की भीड़ गैस एजेंसी पर पहुंच गई और सड़क जाम कर दी, जबकि मुजफ्फरपुर में प्रशासन ने गैस वितरण को व्यवस्थित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है।

जिले के पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित एक गैस एजेंसी पर उस समय हंगामा हो गया, जब बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए और एजेंसी बंद मिली। एजेंसी पर ताला लगा देख लोग नाराज हो गए और गुस्साई भीड़ ने नया टोला के बारी पथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया।



इससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर और कदमकुआं थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। गैस एजेंसी प्रबंधन ने बताया कि गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग ज्यादा संख्या में सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं।



स्थिति को देखते हुए एजेंसी को कुछ समय के लिए बंद किया गया था। बाद में पुलिस की मौजूदगी में एजेंसी को दोबारा खोल दिया गया। वहीं मुजफ्फरपुर में गैस वितरण को लेकर प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब जिले की गैस एजेंसियों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में गैस सिलेंडर का वितरण कराया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के समय पर सिलेंडर मिल सके।












Be First to Comment