भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. गोल सड़क के पास गंगा घाट पर एक ही परिवार के चार लोग नहाने के लिए नदी में उतरे थे. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. इस घटना में तीन युवकों की मौत हो गई. जबकि एक महिला को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है. जानकारी के अनुसार ओलपुरा गांव के एक परिवार के सदस्य बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के लिए गंगा घाट पहुंचे थे. मुंडन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद परिवार के कुछ लोग गंगा में स्नान करने के लिए उतर गए.

इसी दौरान चार लोग अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे. उन्हें डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास शुरू किया. इस हादसे में जिन तीन युवकों की मौत हुई है, उनकी पहचान कृष्णा उर्फ छोटू (पिता- नंदलाल साह), बॉबी कुमार (पिता- शालिग्राम साह) और सन्नी कुमार (पिता- शालिग्राम साह) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों आपस में रिश्तेदार थे और एक ही परिवार से जुड़े थे. अचानक हुई इस घटना से गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है.



घटना के दौरान रुक्मणि देवी भी गंगा में डूबने लगी थीं. घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद उन्हें घोघा के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया.



घटना की सूचना मिलते ही घोघा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

















Be First to Comment