समस्तीपुर पुलिस ने मानव तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। गुजरात के दादरा नगर हवेली के सिलवासा से तस्करी के इरादे से ले जाई गई दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक दलाल को भी दबोच लिया, जो दोनों किशोरियों को बेचने की फिराक में था।

मामला शिवाजी नगर थाना इलाके का है। 13 सितंबर को दोनों नाबालिग लड़कियां स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं लेकिन लौटकर नहीं आईं। जांच में सामने आया कि समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर उनकी मुलाकात एक युवक बादल कुमार से हुई थी।



उसने उन्हें घुमाने-फिराने के बहाने अपने साथ गुजरात ले गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी 23 वर्षीय बादल कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया कि गुजरात में एक महिला से दोनों किशोरियों का सौदा 5-5 लाख रुपये में तय हुआ था।


17 सितंबर को पीड़ित मां ने बेटी के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया और डीएसपी संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस गुजरात पहुंची और 22 सितंबर को स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
















Be First to Comment