सरैया थाना क्षेत्र में एनएच-722 मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग में रेवा घाट पुल पर सोमवार की देर रात चालक को झपकी आ जाने से दूसरी लेन में जाकर कंटेनर ने पिकअप में टक्कर मार दी़ इसके बाद पिकअप रेलिंग को तोड़ती हुई पुल के नीचे नदी में गिर गयी.

जिसमें चालक बाल-बाल बच गया, वहीं उपचालक लापता है. हादसे के बाद काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति रही. क्रेन से कंटेनर को हटाये जाने के बाद यातायात सुचारु हो सका़ बताया गया कि यूपी से लीची जूस लोड कर गुवाहाटी जा रहे एक कंटेनर के चालक को झपकी आ गयी, जिससे दूसरी लेन में जाकर कंटेनर ने सामने से आ रही एक खाली पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिकअप रेलिंग को तोड़ती हुई नदी में जा गिरी.



पिकअप के पानी में डूबने के क्रम ने चालक वैशाली निवासी गौतम कुमार किसी तरह गेट खोलकर पिकअप की छत पर चढ़कर सहायता मांगने लगा. घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से चालक को रस्सी की मदद से बाहर निकाला और सीएचसी मकेर (सारण) भेज दिया.



वहीं काफी खोजबीन के बाद भी पिकअप में बैठे पिकअप मालिक व मोतीपुर बाजार के पानी टंकी निवासी पप्पू कुमार का कोई सुराग नहीं मिला. घटना के लगभग आठ घंटे बाद मंगलवार की दोपहर एसडीआरएफ टीम की मदद से स्थानीय गोताखोर सहिलापट्टी निवासी लखिन्द्र सहनी, चन्दन सहनी, बम सहनी, शुभलाल सहनी व रेवा निवासी विपत पासवान ने काफी प्रयास के बाद दुर्घटना स्थल से कुछ दूरी पर शव को खोज निकाला और पुलिस को सौंप दिया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

















Be First to Comment