Press "Enter" to skip to content

बिहारी छोरे पर आया फ्रांसीसी छोड़ी का दिल, मैरी से बन गयी माया

फिल्मी गाना है ‘सात समंदर पार मैं तेरे पीछे-पीछे आ गई….’। अब इसे फ्रांस की एक लड़की ने चरितार्थ भी कर दिखाया है। अपने प्यार के लिए सात समंदर पार आकर बिहार के बेगूसराय में उसने अपने प्यार से शादी कर ली। नाम भी बदल लिया, अब वह मैरी नहीं माया कहलाएगी।

जी हां, कुछ ऐसा ही हुआ है बेगूसराय जिले के भगवानपुर में। फ्रांस से आयी युवती ने यहां के युवक के साथ हिन्दू रीति रिवाज के साथ शादी की। इस दौरान गांव में विदेश से आयी दुल्हन को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गयी।

जानकारी हो कि बेगूसराय जिले के कटहरिया गांव निवासी रामचंंद्र साह अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहते हैं। रामंचद्र साह का बेटा राकेश कुमार साह दिल्ली में टूरिस्ट गाइड का काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच आंखें चार हुईं, जो अब सात जन्मों के बंधन में बदल गयी।

रामचंद्र साह ने बताया कि छह साल पहले फ्रांस की मैरी लोरी हेरल भारत आई थी। उसे राकेश ने ही टूरिस्ट गाइड के तौर पर दिल्ली में घुमाया था। इसी दौरान दोनों के बीच प्यार पनपने लगा। उन्होंने बताया कि भारत से वापस फ्रांस लौटने के बाद भी दोनों के बीच फोन पर बातें होती रहीं।

इसी बीच करीब तीन वर्ष पहले मेरी के बुलावे पर राकेश पेरिस चला गया। वहां जाकर वह मैरी के साथ कपड़े का व्यवसाय करने लगा। इसी दौरान दोनों के बीच प्रगाढ़ प्रेम हो गया। दोनों ने इसकी जानकारी अपने-अपने परिजनों को दी। इस पर हमलोग तैयार हो गये। मैरी के परिजनों को भी कोई आपत्ति नहीं थी। इसके बाद उन्होंने पहले तो पेरिस में शादी की।

लेकिन, मेरी को भारत की सभ्यता और संस्कृति कुछ अधिक ही पसंद थी। सो उसने भारत आकर राकेश के साथ सात फेरे लेने की बात कही। इसके बाद मैरी अपने माता-पिता के साथ बेगूसराय पहुंची। यहां रविवार की रात हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई।


इस शादी को देखने के लिए रिश्तेदारों समेत आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुटी। सभी ने नवदंपति को आशीर्वाद भी दिया। इसके बाद लोगों को भोज भी दिया गया। इसके बाद मैरी के माता-पिता के साथ नवदंपति भी सुबह की फ्लाइट से ही फ्रांस के लिए रवाना हो गये।

Share This Article
More from BEGUSARAIMore posts in BEGUSARAI »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *