बिहार में बक्सर शहर के सोहनीपट्टी स्थित प्राचीन सिगरही पोखरा में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई से इलाके में खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है. टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से सिगरही पोखरा में अवैध खनन की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू कर दी.


अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया.



पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि वे अवैध खनन नहीं कर रहे थे, बल्कि नगर परिषद द्वारा जारी “वर्क ऑर्डर” के तहत वहां कार्य कर रहे थे. इस दावे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है.


हिरासत में लिए गए लोगों के बयान के बाद पुलिस अब नगर परिषद से संपर्क कर दस्तावेजों और कथित वर्क ऑर्डर की सत्यता की जांच कर रही है. टाउन थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि जांच में वैध अनुमति पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, लेकिन यदि वर्क ऑर्डर की आड़ में अवैध खनन का मामला सामने आया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.















Be First to Comment