मुजफ्फरपुर में एक कलयुगी मां ने चंद पैसों के लालच में अपनी ही नाबालिग बेटी को ऑर्केस्ट्रा में बेचने की कोशिश की. इतना ही नहीं, जब बेटी ने इसका विरोध किया तो मां ने उसे चलते ऑटो से बाहर धक्का दे दिया.

घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के बाजार समिति के पास बुधवार दोपहर की है. पीड़ित नाबालिग के अनुसार, उसकी मां उसे जबरन एक ऑर्केस्ट्रा संचालक के पास ले जा रही थी. इसके लिए मां ने पहले ही पैसों का सौदा कर लिया था. बेटी को इसकी भनक लगी तो उसने जाने से साफ इनकार कर दिया.

बेटी के विरोध से नाराज मां ने अपना आपा खो दिया. जब ई-रिक्शा तेज रफ्तार में चल रहा था, तभी उसने अपनी ही बेटी को सड़क पर धक्का दे दिया. लोगों ने भाग रही महिला का पीछा किया और उसे पकड़ लिया.



घायल बच्ची रोते हुए अपनी आपबीती सुनाती रही और मदद की गुहार लगाती रही. रोते हुए बच्ची ने बताया, ‘मेरी मां मुझे पैसों के लिए ऑर्केस्ट्रा में बेचना चाहती थी. जब मैंने मना किया तो उन्होंने मुझे चलते ऑटो से धक्का दे दिया.’



घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया. घायल नाबालिग को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.




























Be First to Comment