भागलपुर के बरारी थाना इलाके के मधु चौक पर लस्सी चोरी का विरोध करना दुकानदार को भारी पड़ गया. जानकारी के मुताबिक, दो बदमाश दुकान पर पहुंचे और पहले सिगरेट की मांग की. दुकानदार जब सामान निकाल रहा था, उसी दौरान एक आरोपी ने दुकान से लस्सी उठा ली.

जब दुकानदार ने इसका विरोध किया तो दोनों अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने खदेड़कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरारी थाना इलाके के बनियां टोला निवासी आर्यन राज उर्फ मुरारी ठाकुर के रूप में हुई है. उसके पास से एक कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है.



इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अपराधी हवाई फायरिंग कर रहा है. इस दौरान कुछ लोगों ने उसे रोकने की भी कोशिश की. लेकिन अपराधी ने इसके बावजूद हवाई फायरिंग की. सीसीटीवी फुटेज में अपराधी का चेहरा साफ देखा जा सकता है. इसी के आधार पर पुलिस दूसरे अपराधी को भी पकड़ने में जुटी है.



पुलिस के अनुसार, घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कट्टे से फायरिंग करता नजर आ रहा है. थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा.
















Be First to Comment