कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद बवाल हो गया. हालात बेकाबू हो गए. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी.

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. जान बचाने के लिए कई पुलिसकर्मी पास के मक्के के खेतों में भागते नजर आए. भीड़ ने महिला सिपाही को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी खदेड़ा गया. इस दौरान एक सिपाही की राइफल छीन लिए जाने की भी खबर है.

पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.



फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव को 2 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था. शनिवार को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया.



मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने पहचान के दौरान राकेश को नहीं पहचाना था. इसके बावजूद पुलिस ने उसे हिरासत में रखा. परिवार का कहना है कि थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई.

































Be First to Comment