समस्तीपुर जिले में शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के रहियार दक्षिण वार्ड 1 स्थित गिद्दा गंहरिया गांव में छठ घाट बनाने गये एक सात वर्षीय बालक की करेह नदी डूबकर मौत हो गई. मृत बालक की पहचान गांव के ही अशोक यादव के पुत्र ऋतुराज कुमार (7) के रूप में की गई है.

ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की दोपहर ऋतुराज अपने टोले के अन्य बच्चों के साथ करेह नदी किनारे छठ पूजा के लिए घाट बनाने गया था. इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया. जहां पैर फिसलने से वह पानी में डूब गया. पास में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया. ग्रामीण मौके पर पहुंचे. तब तक वह गहरे पानी में समा चुका था.



ग्रामीणों व परिजनों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को नदी से बाहर निकाला गया. सूचना मिलते ही शिवाजीनगर पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद मृतक की मां ममता देवी, दादा राजेंद्र यादव और चाचा मनोज यादव सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.


ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता बाहर रहते हैं. जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है. घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया अशर्फी सहनी, अजीत कुमार सिंह, राजीव कुमार, शिवम चौधरी, संजय सहनी मौके पर पहुंचे. पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया. थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है.














Be First to Comment