मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर एसडीओ क्रिसलय श्रीवास्तव एवं डीएसपी संकेत कुमार ने उच्च विद्यालय बिंद के खेल मैदान का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की.

सहयोग शिविर को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने बीडीओ जफरूद्दीन से सहयोग शिविर और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को समय पर तैयारी पूरी करने और किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.


डीएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा कर चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा. बीडीओ जफरूद्दीन ने बताया कि 2 जून को बिंद एवं कथराही पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा.



इससे पहले उतरथु और जमसारी पंचायत में भी इस तरह का शिविर लगाया जा चुका है. उन्होंने कहा कि जून के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले इस शिविर में मुख्यमंत्री के शामिल होने की पूरी संभावना है. प्रशासन की ओर से बताया गया कि सहयोग शिविर में सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे.


पंचायतवासियों की समस्याओं से संबंधित आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा. साथ ही शिविर के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है .















Be First to Comment