बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के खपड़ा गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां रहने वाले राजेश कुमार मंडप पूजन के बाद अचानक लापता हो गए. उनकी शादी शाहकुंड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव की जानकी कुमारी से तय थी. शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और घर में खुशियों का माहौल था.

राजेश के अचानक लापता होने से परिवार में कोहराम मच गया है. उनकी मां बेला देवी और पिता शंभू तांती का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और दुख का माहौल है.


राजेश के पिता शंभू तांती ने अनहोनी की आशंका जताते हुए शंभुगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस से बेटे की जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है.



बताया जाता है कि विधि-विधान के साथ मंडप पूजन हुआ और गांव में भोज का आयोजन भी किया गया. लेकिन शाम होते-होते राजेश अचानक कहीं चले गए और वापस नहीं लौटे. रात में परिजनों को लगा कि वह दोस्तों के साथ होंगे या कहीं सो गए होंगे, लेकिन जब सुबह तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई.


खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिससे खुशी का माहौल गम में बदल गया. राजेश कुमार पांच भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर हैं. वह रूदपैय इंडियन गैस एजेंसी के पास चाय-पान की दुकान चलाते थे और उसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे.












Be First to Comment