आधुनिक युग की विशिष्ट वास्तुकला शैली को दर्शाने वाले आकर्षक डिजाइन से सुसज्जित पटना के लगभग 40 वर्ष पुराने ‘एकता भवन’ को ध्वस्त कर दिया गया है। यह इमारत स्थानीय लोगों के बीच विस्मय और कौतूहल का केंद्र हुआ करती थी।

इसके विशिष्ट अग्रभाग के कारण कई लोगों द्वारा ‘सैटेलाइट बिल्डिंग’ कहा जाने वाला यह ढांचा शहर के बीचोंबीच गांधी मैदान के पास गंगा के किनारे स्थित था और कुछ सप्ताह पहले इसे ढहा दिया गया, ताकि प्रस्तावित ‘पटना हाट’ के लिए जगह बनाई जा सके।


बिहार सरकार के इस हालिया कदम की संरक्षण वास्तुकारों के एक वर्ग और राजधानी के कई निवासियों ने आलोचना की है। उनका कहना है कि इस इमारत को ध्वस्त करने के बजाय इसे नई परियोजना में शामिल किया जा सकता था।


यह एक ‘लैंडमार्क’ के रूप में अलग पहचान रखती थी। अभिलेखीय रिकॉर्ड के अनुसार, पटना आयुक्त कार्यालय के सामने स्थित ‘इंदिरा गांधी एकता भवन’ की आधारशिला नौ सितंबर 1986 को तत्कालीन उपराष्ट्रपति आर. वेंकटरमण ने रखी थी। इस मौके पर उन्होंने भाषण भी दिया था।















Be First to Comment