मुजफ्फरपुर: हत्था थाना क्षेत्र के लोहरखा गांव में बीती रात चोरों ने भीषण गर्मी का फायदा उठाते हुए तीन अलग-अलग घरों में एक साथ हाथ साफ कर दिया. भीषण गर्मी के कारण घटना के समय घर के अधिकांश लोग छत पर सोये हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया.

लोहरखा निवासी राजद नेता मनोज राय ने बताया कि चोरों ने मंगलवार की देर रात गांव के उमेश राय, नागेंद्र राय और रामसंयोग राय के घर को निशाना बनाया. चोरों ने इन तीनों घरों से कुल मिलाकर करीब 75 हजार रुपये नगद समेत लाखों रुपये के कीमती सामान और आभूषण चोरी कर लिए.


पीड़ित परिवारों को घटना की जानकारी अगले दिन सुबह तब हुई जब उनकी नींद टूटी और उन्होंने घर के कमरों का सामान अस्त-व्यस्त देखा. उमेश राय के घर से दो बक्से में रखा नगद करीब 50 हजार रुपये, सोने के नाक-कान के आभूषण, हनुमानी, चांदी की पायल और पुश्तैनी हंसुली चोरी हो गई.



वहीं नागेंद्र राय के घर से चोर एंड्रॉइड मोबाइल ले उड़े. इसके अलावा रामसंयोग राय के घर से करीब 15 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले.


सुबह जब ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, तो घर से करीब दो सौ मीटर दूर चौर (मैदान) में टूटा हुआ बक्सा मिला. चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर सारे कीमती सामान निकाल लिए थे.

















Be First to Comment