Press "Enter" to skip to content

बिहार में पहली बार होगा हॉकी का बड़ा मुकाबला, राजगीर-पटना में उतरेंगी भारत, जर्मनी और अर्जेंटीना की टीमें

बिहार एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है. फरवरी 2027 में एफआईएच हॉकी प्रो लीग का आयोजन बिहार में होगा. इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत, जर्मनी और अर्जेंटीना की पुरुष हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी. मुकाबले राजगीर के साथ-साथ राजधानी पटना में भी खेले जाएंगे.

हॉकी इंडिया ने बिहार को इस टूर्नामेंट की मेजबानी सौंपी है. इससे पहले राजगीर में एशियन पुरुष और महिला हॉकी चैंपियनशिप का सफल आयोजन हो चुका है. अब पहली बार एफआईएच हॉकी प्रो लीग के मुकाबलों की मेजबानी भी बिहार करेगा.

जानकारी के अनुसार, प्रो लीग के मुकाबले 13 से 18 फरवरी 2027 के बीच खेले जाएंगे. टूर्नामेंट का पहला मैच भारत और जर्मनी के बीच होगा. मैच राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के साथ-साथ पटना के राजेंद्र नगर स्थित बीपी सिन्हा फिजिकल कॉलेज परिसर में बने एस्ट्रोटर्फ मैदान पर भी आयोजित किए जाएंगे.

पटना में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदान पर करीब 8.44 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. मैदान पर नीदरलैंड से मंगाया गया आधुनिक नीला एस्ट्रोटर्फ बिछाया जा चुका है. इसके अलावा फ्लड लाइट, स्प्रिंकलर सिस्टम और अन्य जरूरी सुविधाओं का काम भी पूरा हो चुका है. यहां अस्थायी दर्शक दीर्घा बनाई जाएगी, जहां करीब चार हजार दर्शक बैठकर मैच का आनंद ले सकेंगे.

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने बताया कि राजगीर में हुए एशियन हॉकी टूर्नामेंट को खेल प्रेमियों का शानदार समर्थन मिला था. इसी अनुभव को देखते हुए पटना को भी अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजनों से जोड़ने की योजना बनाई गई है. यदि तय समय पर सभी तैयारियां पूरी हो जाती हैं, तो हॉकी प्रो लीग के मुकाबले पटना में भी आयोजित किए जाएंगे.

राजगीर पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं की सफल मेजबानी कर चुका है. यहां दो एस्ट्रोटर्फ मैदान हैं, जिनमें एक अभ्यास और दूसरा अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए इस्तेमाल होता है. एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप 2024 और एशियन पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 में भारत ने खिताब जीतकर राजगीर को ऐतिहासिक यादें दी थीं. अब एफआईएच हॉकी प्रो लीग की मेजबानी से बिहार एक बार फिर दुनिया के खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराने की तैयारी में है.

Share This Article
More from ADMINISTRATIONMore posts in ADMINISTRATION »
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *