शहर के कलमबाग रोड स्थित रिलायंस जियो पंप के पास रफ्तार का कहर देखने को मिला. एक तेज रफ्तार ऑटो और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अघोरिया बाजार की दिशा से एक ऑटो काफी तेज गति में आ रहा था.


इसी दौरान कलमबाग की तरफ से आ रही बाइक जैसे ही पेट्रोल पंप की ओर मुड़ने के लिए रुकी, अनियंत्रित ऑटो ने उसमें सामने से जोरदार टक्कर मार दी.



स्थानीय लोगों ने बताया कि ऑटो की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक ब्रेक लगाने में पूरी तरह असमर्थ रहा. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों लहूलुहान युवकों को उठाया और पास के ही एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया.


फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है. दुर्घटना के कारण कलमबाग रोड पर कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई. बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया.















Be First to Comment