मुजफ्फरपुर शहर के घिरनी पोखर सब्जी मंडी इलाके में नगर थाने की पुलिस ने जुआ के अड्डे पर छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है. दारोगा वीरेंद्र कुमार सिंह के बयान पर सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

दारोगा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सब्जी मंडी के पास बांस की झोपड़ी में सूरज कुमार कुछ लोगों के साथ जुआ खेल रहा है. सूचना के आधार पर छापेमारी दल मौके पर पहुंचा तो चार लोग जुआ खेलते दिखे. पुलिस को देख वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया गया.



पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपनी पहचान नगर थाना क्षेत्र के केदारनाथ रोड निवासी सूरज कुमार, मिठनपुरा थाना के पानी टंकी चौक निवासी रमेश प्रसाद गुप्ता, नगर थाना के मुफ्तलाल लेन मोतीझील निवासी उमेश प्रसाद, और सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के अखाड़ाघाट निवासी पिंटू महतो के रूप में बताई.



तलाशी के दौरान सूरज कुमार के पास से मार्कर, कैलकुलेटर, व्हाइटनर, मोमबत्ती, माचिस, पेन, कार्बन, बोर्ड चार्ट, रजिस्टर, मोबाइल और 33 रुपये नकद, रमेश प्रसाद के पास से मोबाइल, और उमेश प्रसाद के पास से स्मार्टफोन बरामद किया गया.


पिंटू महतो को भी जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. थानेदार कमलेश कुमार ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तारों की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है.














Be First to Comment