Press "Enter" to skip to content

मोकामा और गोपालगंज में आज थमेगा चुनाव प्रचार का शोर, आखिरी दिन तेजस्वी दिखाएंगे दम

बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर मंगलवार की शाम 6 बजे थम जाएगा। इसके बाद न तो कोई सभा की जा सकती है और न ही जुलूस निकाला जा सकता है। आखिरी दिन डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव दोनों जगहों पर आरजेडी प्रत्याशियों के रैली करेंगे। इस दौरान जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा समेत महागठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रचार के लिए नहीं जा रहे हैं।

मोकामा और गोपालगंज में आज थमेगा चुनाव प्रचार का शोर, आखिरी दिन तेजस्वी दिखाएंगे दम; 3 नवंबर को वोटिंग

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने प्रचार खत्म होने के बाद प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मोकामा विधानसभा उपचुनाव के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। कुल 289 मतदान केंद्रों पर अर्ध सैनिक बल तैनात किए जाएंगे। बाढ़ अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा मोकामा प्रखंड कार्यालय में भी वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षित बल को रखा जाएगा ताकि जरूरत पड़ने पर वहां पुलिसबल को भेजा जा सके।

2 नवंबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

मतदान के एक दिन पहले 2 नवंबर को दोपहर एक बजे श्रीकृष्ण मारवाड़ी उच्च माध्यमिक विद्यालय मोकामा से मतदान दल एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों का एसडीओ और डीएसपी के द्वारा ब्रीफिंग की जाएगी। उसके बाद मतदान दल वहां से मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो जाएंगे। मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदान दल ईवीएम सहित सभी सामग्री अपने मतदान केंद्रों से लेकर आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय मीठापुर के स्ट्रांग रूम में जमा कराएंगे। डीएम ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान जरूर करें। किसी के बहकावे या धमकी से डरने की जरूरत नहीं है। यदि ऐसा कोई करता है तो इसकी सूचना प्रशासन को जरूर दें।

तेजस्वी मोकामा और गोपालगंज में आखिरी दिन करेंगे जनसभा

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव मंगलवार को विधानसभा उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा एवं अब्दुलबारी सिद्दीकी भी रहेंगे। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव सुबह में मोकामा जाएंगे। वहां मकेर और घोसवरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे गोपालगंज के लिए रवाना होंगे। वहां उचकागांव स्थित मेला मैदान में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं को गोलबंद करेंगे।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from GOPALGANJMore posts in GOPALGANJ »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *