Press "Enter" to skip to content

धान खरीद में बिचौलियागिरी नहीं चलेगी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि धान खरीद में बिचौलियों और गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पदाधिकारियों को निर्देश भी दिया कि धान खरीद कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।

धान खरीदः  बिचौलियागिरी पर सीएम नीतीश सख्त, अधिकारियों से कहा- सूखा प्रभावित जिलों के आंकड़ों पर रखें नजर

अधिक से अधिक किसानों को धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके, इसे सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह तत्पर है। धान खरीद को लेकर किसानों के बीच प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि उन्हें इस संबंध में पूरी जानकारी हो सके।

मुख्यमंत्री ने  एक अणे मार्ग में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में शुरू की जा रही धान खरीद को लेकर समीक्षा बैठक की और कई निर्देश पदाधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि कृषि विभाग जिलावार धान उत्पादन के आंकड़ों की सटीक सूचना उपलब्ध कराए, ताकि हर जिले के लिए धान की खरीद का लक्ष्य तय किया जा सके।

नीतीश कुमार ने कहा कि जहां धान की कटनी प्रारंभ हो गई है, ऐसे जिलों को चिह्नित कर वहीं से धान खरीद का कार्य शुरू कराएं। 11 सूखा प्रभावित जिलों में धान की पैदावार के संबंध में भी सही-सही जानकारी प्राप्त कर ली जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव विनय कुमार, कृषि विभाग के सचिव एन सरवन कुमार, सहकारिता विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी और मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार उपस्थित थे।

 

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *