मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत तुर्की थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आ रही है. यहाँ छाजन उतरवारी टोला स्थित एक गहरे गड्ढेनुमा पोखर में नहाने गए दो किशोरों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना की भनक जैसे ही आसपास के ग्रामीणों को लगी, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते पोखर के किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.

हादसे की सूचना मिलते ही तुर्की थाना पुलिस की टीम और गौरैया दुबियाही के मुखिया अशोक कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. मुखिया अशोक कुमार की तत्परता और पहल पर स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को गहरे पानी से बाहर निकाला गया.


शवों के बाहर आते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी आलोक कुमार सिंह के 17 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार और मीनापुर थाना क्षेत्र के सिवाईपट्टी निवासी सुधीर कुमार के 18 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है.



बताया जा रहा है कि मृतक नीरज कुमार अपने दुबियाही स्थित रिश्तेदार के घर आया हुआ था. जानकारी के अनुसार, सुमन और नीरज गहरे दोस्त बन गए थे और घटना से ठीक एक दिन पहले भी दोनों उसी पोखर में नहाने गए थे. शनिवार को भी दोनों बिना किसी को बताए पोखर में नहाने के लिए उतर गए.


प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस का अनुमान है कि दोनों युवकों को तैरने की सही जानकारी (अनुभव) नहीं थी. नहाने के दौरान पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण दोनों पोखर के अत्यधिक गहरे पानी वाले हिस्से में चले गए और पानी में समा गए, जिससे दम घुटने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.







Be First to Comment