मुजफ्फरपुर के बेला और मोतीपुर के बाद अब जिला प्रशासन ने पारू को जिले का नया इंडस्ट्रियल हब बनाने की तैयारी तेज कर दी है. डीएम सुब्रत कुमार सेन ने इस दिशा में पहल करते हुए करीब 700 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए शुरुआती अधिसूचना जारी करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया है.

इस इंडस्ट्रियल एरिया को सीधे बन रहे पटना-बेतिया फोरलेन हाईवे से जोड़ा जाएगा. इसके लिए डीएम ने एनएचएआई को पत्र लिखकर मार्ग कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया है.



इस नए इंडस्ट्रियल एरिया के विकसित होने से न केवल बड़े उद्योगों को फायदा होगा, बल्कि स्थानीय मार्केट को बूस्ट मिलेगा. बेहतर सड़क संपर्क होने की वजह से फैक्ट्रियों तक कच्चा माल पहुंचाना और वहां से तैयार माल को राज्य या देश के दूसरे बाजारों तक ले जाना काफी आसान और सस्ता हो जाएगा.



प्रशासन ने पारू अंचल के पांच प्रमुख गांवों-चांदपुर चिउटाहां, चतुरपट्टी, भोजपट्टी, हरपुर कपरफोरा और विशुनपुर सरैया की जमीन को इसके लिए चिन्हित किया है. डीएम ने भू-अर्जन विभाग को निर्देश दिया है कि जमीन की पैमाइश और सीमांकन का काम नियमानुसार जल्द पूरा किया जाए ताकि निवेश के लिए एक अनुकूल वातावरण तैयार हो सके.



















Be First to Comment