पटना: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बिहार के गोपालगंज जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान लालू ने अपने स्वास्थ्य एवं किडनी ट्रांसप्लांट पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उन्हें खाने-पीने में परहेज रखने की सलाह दी है। मीठा और नॉनवेज कम खाना है। हालांकि, लालू ने कहा कि उनकी जीभ चटोर है, इसलिए कभी-कभी परहेज का उल्लंघन हो जाता है। बता दें कि लालू यादव का बीते दिसंबर में सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें किडनी डोनेट की थी।
गोपालगंज में लालू यादव ने कहा कि उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने जीवनदान दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना, बेटी ने अपनी किडनी डोनेट किए। चीन के रहने वाले दुनिया के सबसे बड़े डॉक्टर ने किडनी ट्रांसप्लांट किया। डॉक्टर के आशीर्वाद से छुट्टी लेकर अपने देश वापस आए।
लालू ने कहा कि ऑपरेशन के बाद से डॉक्टर का दिया हुआ सुझाव, दवा और परहेज का ध्यान रख रहे हैं। डॉक्टर ने मीठा और नॉनवेज बहुत कम खाने की सलाह दी है। उसका पालन वे कर रहे हैं। लेकिन उसका वॉयलेशन (उल्लंघन) भी हो जाता है। क्योंकि जीभ चटोर होता है।
7 साल बाद गांव पहुंजे लालू
बता दें कि लालू प्रसाद यादव मंगलवार को गोपालगंज जिले के फुलवारिया पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजप्रताप यादव भी साथ रहे। फुलवारिया लालू यादव का गांव है। वे करीब सात साल बाद यहां आए हैं। अपने नेता को गांव में देखकर लोगों में भारी उत्साह देखा गया।
Be First to Comment